हरियाणा में गर्मी का कहर, सिरसा सबसे गर्म जिला - मौसम विभाग ने हीटवेव का हाई अलर्ट जारी किया
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 9 अप्रैल 2025:
अप्रैल की शुरुआत में ही हरियाणा भीषण गर्मी की चपेट में आ गया है। मंगलवार को सिरसा जिले का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।
हीटवेव का हाई अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और रोहतक जिलों में लू (हीटवेव) का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, मेवात, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल और करनाल में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र को अभी ग्रीन जोन में रखा गया है।
10 अप्रैल से राहत के संकेत
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 9 अप्रैल तक मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा, लेकिन 9 अप्रैल की रात से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा।
10 और 11 अप्रैल को बादल छाने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इससे 12-13 अप्रैल के दौरान तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
बीते 24 घंटे में तापमान में उल्लेखनीय उतार-चढ़ाव देखा गया:
-
सिरसा: 42.8°C (1.8 डिग्री की वृद्धि)
-
नारनौल: 42.4°C (1.8 डिग्री की वृद्धि)
-
जींद: 39.2°C (0.8 डिग्री की गिरावट)
-
पानीपत: 37.1°C (0.8 डिग्री की गिरावट)
भीषण गर्मी ने आमजन को बेहाल कर दिया है। लोगों से अपील की गई है कि वे दोपहर 12 से 3 बजे तक घरों में ही रहें, धूप में निकलने से बचें और पानी का अधिक सेवन करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →