हरियाणा में बदला मौसम: 8 जिलों में बारिश का अलर्ट, किसानों की बढ़ी चिंता
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 28 फरवरी: हरियाणा में मौसम ने फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के करनाल, यमुनानगर, जींद, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गुरुवार को भी राज्य के 10 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंडक बढ़ गई।
तापमान में गिरावट, मौसम सुहावना
बारिश के चलते बीते 24 घंटों में हरियाणा के अधिकतम तापमान में 7.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है, जबकि हिसार में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के कारण मौसम खुशनुमा हो गया है, लेकिन इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
फसल को लेकर किसानों की चिंता
हरियाणा में गेहूं की फसल अब दाना बनने की अवस्था में है। ऐसे में बारिश से फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश तेज हुई तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसलों की निगरानी करें और खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें।
पिछले हफ्ते भी हरियाणा के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिससे कई किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। अगर अगले कुछ दिनों में बारिश जारी रही तो इससे गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।
मौसम विभाग की सलाह:
बारिश से बचाव के लिए किसान खेतों में जल निकासी का उचित प्रबंध करें।
मौसम की अपडेट पर नजर रखें और आवश्यकतानुसार फसल सुरक्षा के कदम उठाएं।
खुले में रखे अनाज और चारे को ढककर सुरक्षित करें।
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों तक हरियाणा के कई जिलों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →