पंजाब के मुख्य अभियंता BBMB में सचिव पद पर नहीं होंगे शामिल, चेयरमैन के OSD को सौंपी जिम्मेदारी
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 1 मार्च 2025: पंजाब सरकार के जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता डॉ. हरिंदरपाल सिंह बेदी को भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) का सचिव नियुक्त करने के आदेश जारी किए गए थे। उन्होंने 28 फरवरी 2025 को BBMB के अध्यक्ष को अपनी कार्यभार ग्रहण रिपोर्ट भी प्रस्तुत कर दी थी। लेकिन उसी दिन BBMB ने जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव को पत्र भेजते हुए स्पष्ट किया कि सचिव का पद फिलहाल रिक्त नहीं है, इसलिए डॉ. बेदी इस पद पर कार्यभार ग्रहण नहीं कर सकते।
दूसरी ओर, BBMB के चेयरमैन के ओएसडी सुरिंदर सिंह मित्तल को 1 मार्च 2025 से सचिव के पद पर नियुक्त करने के आदेश जारी कर दिए गए। इसके अलावा, उनके पास चेयरमैन के ओएसडी का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। इस घटनाक्रम के बाद पंजाब सरकार और BBMB प्रशासन के बीच मतभेद और गहरे हो सकते हैं।
BBMB में सचिव पद को लेकर यह विवाद नया नहीं है। इससे पहले भी BBMB में पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर तनातनी देखी गई है। अब देखना होगा कि पंजाब सरकार इस फैसले पर क्या प्रतिक्रिया देती है और क्या कोई कानूनी या प्रशासनिक कदम उठाया जाता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →