Bilaspur Firing Case : बंबर ठाकुर गोलीकांड मामले में तीन गिरफ्तार, दो शूटरों की इंस्टाग्राम रील भी वायरल
बाबूशाही ब्यूरो, 16 मार्च 2025
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पूर्व कांग्रेस विधायक पर हुए गोलीकांड में पुलिस ने हिरासत में लिए पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान रितेश, मंजीत नड्डा और रोहित राणा के रूप में हुई है। मंजीत नड्डा और रोहित राणा पर रेकी करवाने का आरोप है।
वहीं, दो आरोपी शूटरों की एक इंस्टा वीडियो भी वायरल हो रही है जिस पर पंजाबी गाना लगा है। ये आरोपी हरियाणा के रोहतक के रिटौली गांव के बताए जा रहे हैं। इन्हीं ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर गोलियां चलाई थी। पुलिस की टीमें इन शूटरों की ढूंढने में जुटी हैं। दोनों पहलवान बताए जा रहे हैं। वहीं, हमलावरों की सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। जिसमें वे आते और जाते दिखाई दे रहे हैं।
हमलावरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब दोपहर बाद 3:00 बजे बंबर बिलासपुर शहर के वीआईपी चंगर सेक्टर स्थित अपनी पत्नी के सरकारी आवास पर लोगों से मिल रहे थे। जैसे ही गोलियां चलीं बंबर साथ ही खड़ी इनोवा गाड़ी के पीछे छिप गए। अन्य लोग भी इधर-उधर खड़ी गाड़ियों के पीछे छिपने लगे। इस बीच हमलावर अंधाधुंध गोलियां बरसाते रहे। सुरक्षाकर्मी ने भी अपने पिस्तौल से जवाबी फायर किया। इसके बाद हमलावर भाग गए। एक गोली बंबर की टांग पर लगी है।
दो गोलियां बिलासपुर के पुलिसकर्मी संजीव कुमार को लगी हैं। एक गोली पेट के पास लगी है, जिससे छोटी आंत को नुकसान हुआ है। दूसरी गोली टांग में लगी है।
छर्रे लगने से मौके पर मौजूद विशाल चंदेल निवासी लखनपुर बिलासपुर भी घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल से उपचार के बाद छुट्टी दे दी है। बंबर ने एम्स में इलाज करवाने से मना किया, जिसके बाद उन्हें आईजीएमसी रेफर किया। बंबर की सुरक्षा में आईजीएमसी में 10 से 12 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
हमलावरों को पल-पल की जानकारी दे रहे थे कुछ लोग
पुलिस जांच में पता चला है कि हमला करने से पहले पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के आवास पर और आसपास कुछ ऐसे लोग भी थे, जो हमलावरों को पल-पल की जानकारी दे रहे थे। यही कारण रहा कि जब बंबर घर के आंगन में थे तो हमलावरों ने आकर उन पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। प्रदेश पुलिस हरियाणा पुलिस के संपर्क में है। जल्द ही कई लोगों की गिरफ्तारियां हो सकती हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर आठ सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है।
किरतपुर-मनाली फोरलेन पर ढाबों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। एक टीम मंडी के लिए भी रवाना हुई है। वहीं, होली के दिन जिस तरह से बंबर पर हमला हुआ, उससे जाहिर है कि पहले से ही पूरी योजना बनाई गई थी। उनके आवास पर लोग भी कम थे। हमले के समय बंबर के साथ एक पुलिसकर्मी था। बंबर के बेटे के अनुसार एक सुरक्षाकर्मी होली के दिन छुट्टी पर था। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →