हरियाणा में लू का कहर, 1 मई से मौसम बदलेगा रुख: यलो अलर्ट जारी, कई जिलों में बारिश-आंधी की चेतावनी
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 29 अप्रैल 2025: हरियाणा में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मंगलवार को मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी जिलों के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचने की संभावना है, जिससे लोगों को लू और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। प्रदेश के अन्य जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी के कारण असहजता बनी रहेगी।
30 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इन जिलों में बारिश की संभावना 25-50% तक बताई गई है। वहीं अन्य जिलों में मौसम शुष्क और गर्म बना रह सकता है।
1 मई से पूरे हरियाणा में प्रभाव
1 मई से हरियाणा के मौसम में व्यापक बदलाव की संभावना है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में भी 25% तक बारिश, तेज हवाएं, गरज और बिजली चमकने की संभावना है।
2 मई को भी राहत की उम्मीद
2 मई को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार समेत कई जिलों में भी बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 1 मई की रात से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुरू होगा। इसके चलते 1 से 3 मई के बीच आंशिक बादल, धूलभरी हवाएं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिलेगी। 4 मई को एक और विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे मौसम फिर प्रभावित हो सकता है।
सुझाव: नागरिकों को लू से बचने के लिए धूप में निकलते समय सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →