मंगलवार को पूरे प्रदेश में मनाया गया इनेलो पार्टी का 27वां स्थापना दिवस
स्थापना दिवस पर पूरे हरियाणा में इनेलो पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने घरों, दुकानों, दफ्तरों और गाडिय़ों पर चश्में के निशान का झंडा लगाया और अपनी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की
चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय पर स्वर्गीय चौ. देवीलाल और स्वर्गीय चौ. ओमप्रकाश चौटाला की फोटो पर पुष्प अर्पित किए और झंडा फहराया
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 29 अप्रैल। मंगलवार को प्रदेश के सभी 22 जिलों में इनेलो पार्टी का 27 वां स्थापना दिवस मनाया गया। इनेलो पार्टी की स्थापना 1998 में स्वर्गीय जननायक देवीलाल ने की थी। पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला इनेलो पार्टी का संगठन खड़ा किया था। स्थापना दिवस पर पूरे हरियाणा में इनेलो पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने घरों, दुकानों, दफ्तरों और गाडिय़ों पर चश्में के निशान का झंडा लगाया और अपनी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की। साथ ही सभी ने यह संकल्प भी लिया कि वो चौ. देवीलाल और चौ. ओमप्रकाश चौटाला की नीतियों पर चलकर काम करेंगे। चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय पर स्वर्गीय चौ. देवीलाल और स्वर्गीय चौ. ओमप्रकाश चौटाला की फोटो पर पुष्प अर्पित किए और झंडा फहराया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपप्रधान आरएस चौधरी, पूर्व डीजीपी एमएस मलिक, प्रवक्ता सतबीर सैनी, पार्टी सचिव स. नछत्तर सिंह मलहान, इनेलो की छात्र इकाई आइएसओ के चंडीगढ़ के अध्यक्ष आर्यन बेनीवाल, पंजाब यूनिवर्सिटी से छात्र संघ का चुनाव लड़ चुके तेजस्वी दलाल, राकेश गोयल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रेस के साथियों से बात करते हुए इनेलो पार्टी के संसदीय दल के सदस्य एवं पूर्व डीजीपी एमएस मलिक ने बताया कि इनेलो पार्टी का हर घर झंडा अभियान बहुत अच्छा चल रहा है। पार्टी ने फैसला किया है कि 1 जनवरी 2026 को इनेलो के संस्थापक स्वर्गीय चौ. ओमप्रकाश चौटाला का जन्मदिन पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा। आज प्रदेश की जनता बिजली, पानी और बेरोजगारी से परेशान है। हरियाणा में बेरोजगारी दर देश में सबसे ज्यादा है। अमेरिका में पढ़ाई के लिए गए हरियाणा के युवाओं के वीजा रद्द किए जा रहे हैं इसके लिए केंद्र सरकार को बड़ा कदम उठाते हुए उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जानी चाहिए और उनके लिए वकील हायर किए जाने चाहिए। उन्होंने सभी पुराने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे वापस पार्टी में आ जाएं और पार्टी की बागडोर संभाले।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →