Himachal Congress : हिमाचल कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ’ रैलियां पहली मई से
प्रदर्शन के लिए जिलास्तर का कार्यक्रम जारी, बिलासपुर-ऊना से होगी शुरुआत
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 29 अप्रैल 2025 :
कांग्रेस पार्टी हिमाचल में ‘संविधान बचाओ’ रैलियों का आयोजन करेगी। पहले प्रदेश स्तर की रैली 26 अप्रैल को शिमला में रखी गई थी, जिसे स्थगित कर दिया गया, मगर अब जिला स्तर की रैलियों से कांग्रेस इसकी शुरुआत करने जा रही है।
इस दौरान कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मोर्चा संभालेंगी। ‘संविधान बचाओ’ रैलियों की शुरुआत बिलासपुर से हो रही है, जिसके बाद यह रैली ऊना में होगी। प्रतिभा सिंह पहली मई को बिलासपुर पहुंचेंगी। यहां पर जिला स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके साथ ही कांग्रेस जिला स्तर पर संविधान बचाओ रैलियों का आयोजन करने जा रही है। इस दिन यह रैली भी बिलासपुर में की जाएगी। दो मई को प्रतिभा सिंह ऊना पहुंचेंगी। ऊना में वह जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठक की अध्यक्षता करेंगी और संविधान बचाओ अभियान को लेकर आयोजित रैली में भाग लेंगी। ऊना के बाद उनका अन्य जिलों का भी कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।
इससे पहले प्रतिभा सिंह मंडी जिला का दौरा भी कर चुकी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को पहले ही कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर प्रदेश में संविधान बचाओ अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान कर चुकी हैं। कांग्रेस 10 मई तक जिला स्तर पर व 11 से 17 मई तक विधानसभा स्तर पर संविधान बचाओ रैलियों का आयोजन करेगी। इसके पश्चात 20 से 30 मई तक पार्टी नेता व कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को भाजपा की जनविरोधी नीतियों व निर्णयों से जागरूक करेगी।
गौर हो कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का तीन साल का कार्यकाल भी सोमवार को पूरा हो गया है। पार्टी अब संगठनात्मक चुनाव की तैयारी में भी जुट गई है। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →