UT कर्मचारियों की कन्वेंशन में प्रशासनिक अधिकारियों की निंदा, 8 अप्रैल को सचिवालय का घेराव
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 29 मार्च। कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ गवर्नमेंट एंड एमसी एम्पलाइज एंड वर्कर्स, यू.टी. चंडीगढ़ के बैनर तले आयोजित कर्मचारियों की कन्वेंशन सेक्टर-32 में संपन्न हुई। इसमें नगर निगम और प्रशासन के 250 से अधिक कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया और प्रशासन की उदासीनता पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
प्रशासन की नीति पर रोष कन्वेंशन में सर्वसम्मति से यह आरोप लगाया गया कि चंडीगढ़ प्रशासन कर्मचारियों की जायज और तर्कसंगत मांगों को लगातार अनदेखा कर रहा है। उच्च स्तरीय वार्ता की मांग को ठुकराया जा रहा है और मुलाजिमों को उनकी बकाया सैलरी मांगने पर दंडित किया जा रहा है। प्रतिनिधियों ने इस बात पर भी चिंता जताई कि प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात करना अब अत्यंत कठिन हो गया है। कई बार प्रशासक से मिलने का समय मांगा गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे हालातों में कर्मचारियों के पास आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
मुख्य मांगें:
आउटसोर्स कर्मचारियों की बकाया सैलरी का तत्काल भुगतान।
कॉन्ट्रैक्ट लेबर रेगुलेशन एंड एबोलिशन एक्ट, 1970 (संशोधित 1971) के तहत स्थायी नीति बनाई जाए।
"समान कार्य के लिए समान वेतन" का सिद्धांत लागू किया जाए।
पेमेंट ऑफ बोनस एक्ट को लागू किया जाए।
डीसी रेट में 10% की वृद्धि की जाए।
आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष तय की जाए।
31 दिसम्बर1996 के बाद भर्ती दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को 13 मार्च 2015 की नीति में संशोधन कर पूर्ण लाभ दिए जाएं।
पंचायतों से नगर निगम में ट्रांसफर हुए सफाई कर्मियों को बेसिक प्लस डीए प्रदान किया जाए।
विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को जल्द भरा जाए।
फायर फाइटर्स और ड्राइवरों की छंटनी का निर्णय रद्द किया जाए।
प्रदर्शन की घोषणा इस कन्वेंशन में यह निर्णय लिया गया कि 8 अप्रैल को चंडीगढ़ सचिवालय का घेराव किया जाएगा। यदि प्रशासन तब भी समाधान नहीं निकालता, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
कर्मचारी नेताओं की मौजूदगी इस कन्वेंशन में प्रमुख रूप से कोऑर्डिनेशन कमेटी के प्रधान सतिंदर सिंह, महासचिव राकेश कुमार, चेयरमैन पंडित सुरेश कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजिंदर कुमार, सुखबीर सिंह, सीवरेज एम्प्लॉइज यूनियन के महासचिव नरेश कुमार, वाइस प्रेसिडेंट राहुल वैद्य, जन सुविधा शौचालय सफाई सेवक यूनियन के प्रधान अशोक कुमार, वाइस प्रेसिडेंट मोहित चौधरी, इलेक्ट्रिकल वर्कमैन यूनियन के चेयरमैन वरिंदर बिष्ट, वाइस प्रेसिडेंट सुखविंदर सिंह सहित कई अन्य यूनियनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →