बाबूशाही ब्यूरो
रोहतक, 04 अप्रैल: हरियाणा के रोहतक जिले में आज दिन शुक्रवार से राज्य स्तरीय फिल्म महोत्सव-2025 का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। यह दो दिवसीय आयोजन महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के टैगोर सभागार में आयोजित किया जाएगा। हरियाणा के युवा एवं खेल मंत्री गौरव गौतम इस फिल्म महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन को लेकर छात्र-छात्राओं और फिल्म प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विश्व संवाद केंद्र, सिने फाउंडेशन और एमडीयू के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है, जो हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को बड़े पर्दे पर प्रदर्शित करने का एक अनूठा प्रयास है।
चित्र प्रदर्शनी से मिलेगी प्रेरणा: विश्व संवाद केंद्र के सचिव राजेश कुमार ने बताया कि टैगोर सभागार की गैलरी में एक विशेष चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस प्रदर्शनी में हरियाणा के उन महान व्यक्तित्वों के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं, जिन्होंने सिनेमा, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, खेल, मीडिया और उद्योग जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई। इनमें हरियाणवी और भारतीय सिनेमा के सितारे भी शामिल हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को इन प्रेरणादायक हस्तियों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
45 फिल्में दिखाएंगी हरियाणा की शान: इस फिल्म महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति, सभ्यता और लोक जीवन को दर्शाती लगभग 45 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। राजेश कुमार ने बताया कि पूरे प्रदेश से 108 शॉर्ट फिल्म्स, लघु फिल्में और डॉक्यूमेंट्रीज प्राप्त हुई थीं, जिनमें से चयनित फिल्में दर्शकों के सामने पेश की जाएंगी। ये फिल्में हरियाणा की समृद्ध परंपराओं और इतिहास को जीवंत करने का काम करेंगी। इस आयोजन में फिल्म प्रेमियों के साथ-साथ सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here → Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →0 | 3 | 5 | 0 | 9 | 2 | 9 |