हरियाणा चुनाव में चंडीगढ़ के फॉमूले पर कांग्रेस व आप में गठबंधन की चर्चा !
राहुल गांधी ने हरियाणा के नेताओं से राय मांगी
चंडीगढ़, 03 सितम्बर 2024- हरियाणा चुनाव में चंडीगढ़ यूटी के फॉमूले पर कांग्रेस व आप में गठबंधन की चर्चा जोरो पर है। विधान सभा चुनाव में भी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में गठबंधन हो सकता है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक इसकी पहल राहुल गांधी ने की है। सोमवार शाम को हुई केंद्रीय चुनाव समिति की मीटिंग में राहुल गांधी ने हरियाणा के नेताओं से इस बारे में पूछा। इसके बाद एक सीनियर नेता की ड्यूटी लगाई। हरियाणा में 2024 लोकसभा चुनाव भी कांग्रेस-आप ने मिलकर चुनाव लड़ा था। कांग्रेस ने 9 और आप ने 1 सीट पर चुनाव लड़ा था। कांग्रेस 5 सीटें जीती लेकिन आप कुरूक्षेत्र सीट हार गई थी। हालांकि चंडीगढ़ चुनाव में एक साथ लड़ने पर कांग्रेस-आप ने निगम और लोकसभा चुनाव जीता था। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने भी गठबंधन के बारे में बातचीत चलने की पुष्टि की है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक चुनाव समिति की मीटिंग में राहुल गांधी ने नेताओं से पूछा कि क्या हमें हरियाणा में आम आदमी पार्टी से गठबंधन करना चाहिए, या नही। इसके बारे में रिपोर्ट मांगी है। इसको लेकर आज शाम को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की दूसरी मीटिंग में स्थिति साफ हो सकती है। बताया जा रहा है यदि गठबंधन हुआ तो आप को केवल 3-4 सीटें मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक हरियाणा कांग्रेस गठबंधन के पक्ष में नहीं है। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा भी इसका विरोध कर रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का भी कहना है कि इसका फैसला हाईकमान को ही लेना है।
0 | 3 | 3 | 0 | 2 | 4 | 2 |