महाराजा रणजीत सिंह प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के 26 कैडेटों का एन.डी.ए. चयन में परचम
10 कैडेट टॉप-100 में; मंत्री अमन अरोड़ा ने दी बधाई, संस्थान के 170 कैडेट बन चुके हैं कमीशंड अफसर
रमेश गोयत
मोहाली/चंडीगढ़, 12 अप्रैल 2025:
पंजाब को गौरवान्वित करते हुए महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज़ प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, एस.ए.एस. नगर (मोहाली) के 26 कैडेटों ने नेशनल डिफेंस अकैडमी (एन.डी.ए.)-154 कोर्स में स्थान पाया है। इनमें से 10 कैडेट ऑल इंडिया टॉप-100 में शामिल हैं, जबकि कैडेट आर्यन सोफत ने 9वीं रैंक हासिल कर संस्थान और राज्य का नाम रोशन किया है।
इससे पहले 34 कैडेटों ने एन.डी.ए. की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जिनमें से 26 ने सेवा चयन बोर्ड (एस.एस.बी.) साक्षात्कार भी सफलतापूर्वक पास कर लिया। अब सभी चयनित कैडेट जून 2025 में शुरू हो रहे कोर्स के लिए जॉइनिंग का इंतजार कर रहे हैं।
अन्य प्रमुख चयनित कैडेटों में अनहद सिंह खातूमरिया, मोहनप्रीत सिंह, अरमानवीर सिंह अधी, भास्कर जैन, मनजोत सिंह, निमित सोनी, हरकंवल सिंह, उदयबीर सिंह नंदा, प्रजवीर सिंह, अदित्या मिश्रा सहित 12वें और 13वें कोर्स के कई कैडेट शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर पंजाब सरकार के कौशल विकास मंत्री अमन अरोड़ा ने कैडेटों को बधाई दी और कहा, “ये कैडेट देश और राज्य का गौरव हैं। उन्होंने मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है।” उन्होंने गुंजोत सिंह (7वां कोर्स) और आर्यन दत्त (8वां कोर्स) को शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल) के लिए ओटीए चेन्नई में चयन पर भी शुभकामनाएं दीं।
संस्थान के निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अजय एच. चौहान, वीएसएम ने बताया कि यह संस्थान के इतिहास में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने कहा, “संस्थान के अब तक 255 कैडेट विभिन्न सैन्य अकैडमियों में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, जिनमें से 170 कमीशंड अफसर बन चुके हैं।”
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →