होमगार्ड भर्ती घोटाला: ACB हिसार ने दो अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट में दाखिल किया चालान
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 22 मार्च: हरियाणा के गृह रक्षी विभाग (होमगार्ड) में भर्ती घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) हिसार ने राजेश कुमार (तत्कालीन सेंटर कमांडर, सिरसा) और विनोद कुमार (प्लाटून कमांडर, सिरसा) के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी के तहत चार्जशीट दायर कर दी है। यह चालान 21 मार्च 2025 को सिरसा के जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में पेश किया गया।
क्या है मामला?
शिकायतकर्ता ने ACB हिसार को दी गई शिकायत में बताया कि प्रभुदयाल (होमगार्ड जवान, पुलिस लाइन सिरसा) ने उसे होमगार्ड में भर्ती कराने के लिए 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। प्रभुदयाल ने कहा था कि इस रकम में से राजेश कुमार और विनोद कुमार को भी हिस्सा देना होगा। शिकायतकर्ता ने पहले ₹15,000 की रिश्वत दे दी थी, लेकिन आरोपी ने बाकी ₹85,000 नकद देने का दबाव डाला।
ACB ने शिकायत की जांच के बाद 12 अक्टूबर 2022 को प्रभुदयाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस पर धारा 7, 13(1)(B), 13(2) पीसी एक्ट और 120-B IPC के तहत केस दर्ज किया गया।
तफ्तीश में बड़ा खुलासा
पूछताछ में प्रभुदयाल ने कबूल किया कि उसने ₹35,000 विनोद कुमार और ₹45,000 राजेश कुमार को दिए थे, जबकि ₹20,000 खुद रखे थे। इस मामले में प्रभुदयाल के खिलाफ चार्जशीट 12 दिसंबर 2022 को दाखिल की गई थी और वह फिलहाल जमानत पर बाहर है।
29 अगस्त 2023 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर राजेश कुमार और विनोद कुमार को जांच में गिरफ्तार कर बाद में रिहा कर दिया गया था। अब ACB ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ आधिकारिक रूप से चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिससे उन पर कानूनी शिकंजा और कस सकता है।
यह मामला हरियाणा के गृह रक्षी विभाग में भ्रष्टाचार और भर्ती में गड़बड़ी को उजागर करता है। अब देखना होगा कि अदालत में आगे क्या कार्रवाई होती है
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →