कुरुक्षेत्र के महायज्ञ में फायरिंग, ब्राह्मणों में आक्रोश, सड़क पर हंगामा
बाबूशाही ब्यूरो
कुरुक्षेत्र, 22 मार्च: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चल रहे 1008 कुंडीय महायज्ञ के दौरान शनिवार सुबह आयोजकों के सुरक्षा गार्डों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और महायज्ञ में शामिल ब्राह्मणों में भारी रोष फैल गया। गोलीबारी में लखनऊ से आए ब्राह्मण आशीष तिवारी को गोली लग गई, जबकि लखीमपुर निवासी प्रिंस शुक्ला समेत कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ब्राह्मणों ने किया हंगामा, तोड़फोड़ और सड़क जाम
फायरिंग की घटना के बाद गुस्साए ब्राह्मणों ने आयोजकों के साथ मारपीट की और यज्ञशाला में तोड़फोड़ कर दी। भीड़ ने थीम पार्क के बाहर स्थित कुरुक्षेत्र-कैथल रोड को जाम कर दिया और वहां से गुजरने वाली गाड़ियों को जबरन रोकना शुरू कर दिया।
गुस्साए लोगों ने:
-
यज्ञशाला का मुख्य द्वार तोड़ दिया।
-
डंडे-पत्थरों से रोड पर लगे बैनर और होर्डिंग फाड़ दिए।
-
देवी लाल चौक के पास लाठी-डंडों और पत्थरों से हंगामा किया।
पुलिस का हल्का लाठीचार्ज, हालात काबू में करने की कोशिश
मौके पर पहुंची पुलिस ने ब्राह्मणों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने अभी भी सड़क पर कब्जा जमाया हुआ है।
दक्षिणा विवाद से भड़की आग, मुख्यमंत्री को भी आना था महायज्ञ में
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, ब्राह्मणों की दक्षिणा को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस महायज्ञ में भाजपा के हरियाणा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, त्रिपुरा के डिप्टी स्पीकर, और कई केंद्रीय मंत्री पहले ही शामिल हो चुके हैं। वहीं, 23 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत अन्य मंत्री भी इस महायज्ञ में शिरकत करने वाले थे।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन हालात को काबू में करने की कोशिश कर रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →