हरियाणा में दिखेगा बिहार की संस्कृति, रीति-रिवाज, भाषा, बोलियों और कला परंपराओं का संगम : डा. अर्चना गुप्ता
भाजपा 23 मार्च को धूमधाम से मनाएगी बिहार स्थापना दिवस : डा. अर्चना गुप्ता
पानीपत, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, फरीदाबाद एवं गुरुग्राम में भव्य होंगे बिहार स्थापना दिवस के कार्यक्रम : डा. गुप्ता
बिहार राज्य के मंत्री व जन प्रतिनिधि होंगे कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 22 मार्च। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं बिहार दिवस प्रदेश संयोजक डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि बिहार शौर्य, शिक्षा और संस्कृति की पहचान है। बिहार की धरती हजारों सालों से पूरे विश्व को अपनी ओर आकर्षित करती है। हरियाणा में भी 23 मार्च को बिहार की संस्कृति, रीति-रिवाज, भाषा, बोलियों और कला परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। डा. गुप्ता ने कहा कि हरियाणा के सात जिलों पानीपत, यमुना नगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, फरीदाबाद एवं गुरुग्राम में बिहार दिवस हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने बिहार के स्थापना दिवस की सभी तैयारियां पूरी कर ली है।
प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में बिहार स्थापना दिवस के मौके पर बिहार राज्य से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। गुरुग्राम में होने वाले कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री डा. सुनील कुमार मुख्य अतिथि होंगे और बिहार भाजपा के उपाध्यक्ष संतोष पाठक की भी गरिमामयी उपस्थित रहेगी। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में एमएलसी संजय प्रकाश मयूख मुख्य अतिथि और बिहार के राज्य सचिव सरोज झा भी मौजूद रहेंगी। पानीपत में बिहार सरकार के मंत्री विजय मंडल मुख्य अतिथि होंगे और भाजपा राज्य सचिव संजय गुप्ता मौजूद रहेंगे।
डा. अर्चना गुप्ता ने बताया कि करनाल में मुख्य अतिथि विधायक कृष्ण कुमार ऋषी होंगे व आनंद पाठक की भी गरिमामयी उपस्थित रहेगी। इसी तरह से सोनीपत में बिहार सरकार के मंत्री मोती लाल प्रसाद मुख्य अतिथि होंगे साथ ही पूर्व एमएलएसी रजनीश कुमार भी मौजूद रहेंगे। कुरूक्षेत्र में बिहार सरकार के मंत्री कृष्णानंदन पासवान मुख्य अतिथि व बीजेपी बिहार के राज्य सचिव स्वदेश यादव भी साथ में रहेंगे। यमुनानगर में होने वाले कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामप्रीत पासवान मुख्य अतिथि व भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह मौजूद रहेंगे।
डा अर्चना गुप्ता ने आगे कहा कि ये सभी कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वप्न एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारत से लेकर आधुनिक भारत में बिहार का बहुत ही महत्व है। बिहार कलात्मकता, साहित्यिक और आध्यात्मिक धरोहरों को अपने में समेटे हुए है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विकास में बिहार राज्य के नागरिकों का बहुत ही योगदान है। बिहार के लोगों ने हरियाणा की प्रगति और उन्नति में अपना काफी सहयोग किया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →