गुरुग्राम में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, लेबर इंस्पेक्टर और स्टेनो गिरफ्तार
रमेश गोयत
पंचकूला/चंडीगढ़, 12 मार्च: हरियाणा के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की गुरुग्राम टीम ने लेबर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार और स्टेनो अशोक कुमार को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
कैसे हुआ खुलासा?
गुरुग्राम के सेक्टर 37C निवासी शिकायतकर्ता जय सिंह ने ACB को बताया कि वह अपनी सर्विस प्रोवाइडर दुकान के लिए रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र बनवाना चाहता था। उसने ऑनलाइन आवेदन करने की कोशिश की, लेकिन वेबसाइट काम नहीं कर रही थी। इसके बाद उसने लेबर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार से संपर्क किया, जिसने उसे स्टेनो अशोक कुमार से मिलने को कहा।
स्टेनो अशोक कुमार ने दुकान प्रमाण पत्र बनाने के बदले ₹6,000 की रिश्वत मांगी। जय सिंह ने पहले ₹1,500 दिए और बाकी ₹4,500 बाद में देने की बात कही।
ACB ने रंगे हाथों पकड़ा
11 मार्च 2025 को जब अशोक कुमार ने ₹4,500 की रिश्वत ली, तब ACB गुरुग्राम की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अशोक ने कबूल किया कि वह प्रदीप कुमार के कहने पर रिश्वत ले रहा था।
इसके बाद ACB ने प्रदीप कुमार को भी गिरफ्तार किया और दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR नंबर 7, धारा 7 पीसी एक्ट, 1988 के तहत केस दर्ज किया गया।
आज अदालत में पेशी
12 मार्च 2025 को दोनों आरोपियों को गुरुग्राम की अदालत में पेश किया जाएगा।
ACB की अपील
ACB हरियाणा ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है तो तुरंत ACB को सूचित करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →