हरियाणा में गर्मी ने दी दस्तक, पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 9 मार्च 2025 – मार्च की शुरुआत के साथ ही हरियाणा में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे दिन के समय गर्मी महसूस की जाने लगी है। महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फरीदाबाद, हिसार और नारनौल में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई थी, लेकिन अब इसमें भी वृद्धि हो रही है।
पश्चिमी विक्षोभ से आएगा बदलाव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 9 मार्च की रात से 13 मार्च तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट होगी, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 11 और 12 मार्च को प्रदेश में मध्यम से तेज गति की हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में बदलाव आएगा।
कृषि पर प्रभाव
मौसम में बदलाव का असर फसलों पर भी देखने को मिल सकता है। किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे तेज हवाओं और संभावित बादल छाए रहने के मद्देनजर गेहूं, सरसों और अन्य रबी फसलों की देखभाल करें।
मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में हरियाणा में तापमान में और बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे लोगों को दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक का एहसास होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →