20,000 रुपये रिश्वत लेते पंचायती सचिव को विजीलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार किया, बीडीपीओ पर भी मामला दर्ज
रमेश गोयत
मोहाली/चंडीगढ़, 5 मार्च:
पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए बुधवार ब्लॉक कुरड़ा, एस.ए.एस. नगर में तैनात पंचायत सचिव अवनीत सिंह बाजवा को 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। इस मामले में ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी (बी.डी.पी.ओ.) एस.ए.एस. नगर, धनवंत सिंह को भी सह-अभियुक्त के रूप में नामित किया गया है।
राज्य विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि यह मामला एक सरपंच की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में कहा गया था कि बी.डी.पी.ओ. और पंचायत सचिव ने 2018 से 2023 तक ग्राम पंचायत द्वारा किए गए विकास कार्यों से संबंधित उपयोग प्रमाण पत्र (यू.सी.) जारी करने के बदले 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया, और दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में उसे गिरफ्तार किया।
इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ विजीलेंस ब्यूरो के थाना, फ्लाइंग स्क्वायड-1, एस.ए.एस. नगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और बी.एन.एस. की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →