चंडीगढ़ नगर निगम के सामने 8 अप्रैल को धरना, तैयारियां जोरों पर
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 26 मार्च 2025: चंडीगढ़ नगर निगम कर्मचारियों की लंबित मांगों और निगम प्रशासन के रवैये के खिलाफ "फैडरेशन ऑफ यूटी इम्प्लाइज एंड वर्कर्स" ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के आह्वान पर 8 अप्रैल 2025 को नगर निगम कार्यालय, सेक्टर 17 के सामने विशाल धरना दिया जाएगा।
रैलियों का दौर शुरू, 27 मार्च को 30 से अधिक स्थानों पर प्रदर्शन
आज सेक्टर 35, सेक्टर 43, औद्योगिक क्षेत्र और सेक्टर 18 में विरोध रैलियां की गईं। इसी कड़ी में सीएमसी हॉर्टिकल्चर वर्कर यूनियन ने भी बागवानी बूथ, सेक्टर 34 में गेट रैली आयोजित की।
फैडरेशन के महासचिव गोपाल दत्त जोशी, यूटी पावर मैन यूनियन के प्रधान अमरीक सिंह, उप प्रधान गुरमीत सिंह, सुखविंदर सिंह सिद्धू, हरजिंदर सिंह, विनय प्रसाद, टेक राज, ललित सिंह, मूलचंद, पान सिंह, वीरेंद्र सिंह, नगर निगम हॉर्टिकल्चर वर्कर यूनियन के प्रधान हरकेश चंद, उप प्रधान बुध राम, महासचिव एम.एम. सुब्रमण्यम, कैशियर हरदीप सिंह और राम दुलार सहित कई नेताओं ने इन रैलियों को संबोधित किया।
27 मार्च को प्रशासन और नगर निगम के 30 से अधिक कार्यालयों में भी रोष रैलियां आयोजित की जाएंगी।
कर्मचारियों की प्रमुख शिकायतें
-
मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा पर आरोप: फैडरेशन और यूनियन के नेताओं ने मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा पर कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी और अड़ियल रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
-
तनख्वाह और सुविधाएं: कर्मचारियों को वेतन मिलने में देरी हो रही है। तेल, साबुन, वर्दियां, गमबूट और बरसाती भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही।
-
पेंशन मामले लंबित: जनवरी 2024 से रिटायर कर्मचारियों की पेंशन फाइलें प्रशासन को नहीं भेजी गईं।
-
आउटसोर्स कर्मियों की छंटनी: 10-15 साल से काम कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने के लिए बहाने बनाए जा रहे हैं, उनसे 15 साल बाद 10वीं के प्रमाणपत्र मांगे जा रहे हैं।
-
मोबाइल भत्ता बंद और फेस ऐप लागू: मोबाइल भत्ता बंद कर दिया गया और कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए मोबाइल फेस ऐप अनिवार्य किया जा रहा है।
-
ग्रीन बेल्ट और पार्कों का एमओयू: पार्कों को सोसाइटी के हवाले कर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है।
मुख्य अभियंता पर कार्रवाई की मांग
यूनियन नेताओं ने नगर निगम आयुक्त से मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा पर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि कुछ अधिकारी जानबूझकर निगम का माहौल खराब कर रहे हैं और कर्मचारियों को परेशान करने के बहाने ढूंढ रहे हैं।
धरने की तैयारियां जोरों पर
फैडरेशन और यूनियन के प्रतिनिधियों ने सभी कर्मचारियों से 27 मार्च की रैलियों और 8 अप्रैल के धरने में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →