हरियाणा में मौसम का बदला मिजाज: दिन में गर्मी, रातें अभी भी ठंडी
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 08 मार्च: हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव कम होने से दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। कई जिलों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। महेंद्रगढ़ और फरीदाबाद में गर्मी का असर साफ दिखने लगा है, जबकि रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं।
9 मार्च तक शुष्क रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 9 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, तापमान में हल्के उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर कम होने लगेगा और गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगेगी।
पश्चिमी विक्षोभ लाएंगे हलचल
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 9 और 12 मार्च को दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा के मौसम को प्रभावित कर सकते हैं। इसके कारण तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जिसका असर हरियाणा और आसपास के मैदानी इलाकों में हल्की ठंडक के रूप में देखा जा सकता है।
हिसार में सबसे ठंडी रात
हरियाणा के कई शहरों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हिसार, करनाल, रोहतक, सिरसा और गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
हिसार का बालसमंद क्षेत्र पूरे राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
हिसार में रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम दर्ज किया गया, जो इस मौसम में असामान्य नहीं माना जा रहा।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के दूसरे सप्ताह से गर्मी में तेजी आ सकती है। दिन में धूप तेज होगी, लेकिन रातों में हल्की ठंड बनी रहेगी। किसानों और आम लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम के इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपनी दैनिक गतिविधियों की योजना बनाएं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →