Himachal Crime News: चिट्टे के कारोबार में सरकारी कर्मचारी भी शामिल, 24 पकड़े
बाबूशाही ब्यूरो, 09 मार्च 2025
शिमला। शिमला में चिट्टे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। इसमें जहां युवा वर्ग शिकार बन रहा है तो वहीं सरकारी कर्मचारी और अधिकारी भी अछूते नहीं है। शिमला पुलिस ने पिछले दो वर्षों में 24 सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तहसील कल्याण अधिकारी, पटवारी, फॉरेस्ट गार्ड, डॉक्टर, शिक्षक के अलावा हिमाचल पुलिस और पंजाब पुलिस के कर्मी भी शामिल है।
शिमला पुलिस ने इन कर्मचारियों एवं अधिकारियों की जानकारी सरकार को दी है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिला में चिट्टे का कारोबार कितनी तेजी से फैल रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुलिस विभाग को राज्य में नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगामी छह माह में मिशन मोड में व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जिन सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ नशा तस्करी के पुख्ता सबूत पाए गए हैं, उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया जाएगा।
इसके बाद शिमला पुलिस ने नशा तस्करी में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार कर ली है। शिमला पुलिस नशा तस्करी में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची सरकार को भेजेगी।
उधर, एसपी शिमला संजीव गांधी का कहना है कि जिला में चिट्टे की तस्करी में जो भी लोग शामिल है। उन्हें किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। चाहे वह सरकारी कर्मचारी हो, अधिकारी हो या फिर पुलिस के ही कर्मचारी क्यों न हो। नशा करने और करने वालों को जेल का रास्ता दिखाया जाएगा। वहीं राज्य सरकार भी अब इन कर्मचारियों एवं अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने वाली है। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →