ए.सी.बी. अम्बाला टीम ने आरोपी अशोक कुमार को किया गिरफ्तार
रमेश गोयत
पंचकूला/चंडीगढ़, 5 मार्च :
ए.सी.बी. अम्बाला की टीम ने आरोपी अशोक कुमार (प्राइवेट व्यक्ति), जो गांव बिरथे बाहरी, जिला कैथल का निवासी है, को गिरफतार किया है। आरोपी को बिरथे बाहरी से गिरफ्तार किया गया और उसे कल माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।
मामले के अनुसार, गांव बिरथे बाहरी में सरकार ने पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए लोगों को 649 एकड़ 4 कनाल 17 मरले जमीन दी थी, जिससे इन लोगों को अपना पालन-पोषण करने के लिए खेती-बाड़ी की सुविधा मिली थी। इस भूमि से प्राप्त पैदावार का एक तिहाई हिस्सा सरकार को देना था। हालांकि, कुछ समय बाद लोगों ने यह हिस्सा देना बंद कर दिया। नवंबर 1987 में सरकार ने इस भूमि को संबंधित व्यक्तियों (पटटेदारों) को आंवटित करने के आदेश पारित किए थे और इस आंवटन के लिए एक कमेटी बनाई थी, जिसमें जिला कल्याण अधिकारी कैथल, तहसीलदार कैथल, हल्का पटवारी, कानूनगो और आंवटन कमेटी के सदस्य शामिल थे।
आरोप है कि महेन्द्र सिंह नम्बरदार ने अधिकारियों से मिलकर 79 कनाल भूमि को धोखाधड़ी से अपने, अपनी पत्नी और बेटे अशोक कुमार के नाम करवा ली। इस मामले की जांच के बाद, ए.सी.बी. अम्बाला ने अभियोग संख्या 27, दिनांक 7 अक्टूबर 2022 को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला में दर्ज किया था, जिसमें धोखाधड़ी, जालसाजी, और सरकारी दस्तावेजों की फर्जीवाड़े के आरोप लगाए गए थे।
अभी तक इस मामले में अन्य आरोपी कान्ता देवी, रामानंद (प्राइवेट व्यक्ति) और सतनाम सिंह (तत्कालीन जिला कल्याण अधिकारी, कैथल) की गिरफ्तारी बाकी है, और इन आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →